हर बूथ पर कमल खिलाने का शिवराज ने दिया मंत्र
Ramesh Shanker Pandey
2019-02-06 16:01:22
बाराबंकी/लखनऊ, 6 फरवरी (आरएनआई)। भाजपा अवधक्षेत्र की सेक्टर संयोजक बैठक में पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। सांसद प्रियंका सिंह रावत ने कहा कि केन्द्र सरकार ने पिछले 5 वर्षों के दौरान जनहित और देशहित के अनेक कदम उठाए हैं, प्रधानमंत्री ने विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं और कार्यक्रमों की शुरूआत की है तथा कार्यप्रणाली, नीतियों और मानदंडों में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। अंतरराष्ट्रीय राजनयिक और कूटनीतिक पहल के क्षेत्र में भारत ने विश्व स्तर पर अमिट छाप छोड़ी है। सरकार ने डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्ट अप, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री जनधन योजना, मुद्रा योजना, फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना और सागर माला, भारत माला एवं नमामि गंगे परियोजना जैसे विभिन्न महत्वाकांक्षी कार्यक्रमों तथा योजनाओं को सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से कार्यान्वित कर पूरे देश में विकास की क्रांति का माहौल बनाया है। भाजपा सांसद द्वारा मुख्यअतिथि के आगमन की भव्य तैयारी करायी गई। शिवराज सिंह चौहान, गोर्वधन झड़ापिया, जे0पी0एस0 राठौर का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। मुख्य अतिथि शिवराज सिंह के आगमन पर सभी उपस्थ्ति महानुभावों ने बंदेमातरम गीत के साथ कार्यक्रम की शुरूआत की। कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए गोवर्धन झड़ापिया ने कहा कि भारतीय राजनीति में राष्ट्र को तीन दशक बाद भारत माता को समर्पित समग्र राष्ट्र निर्माता प्रधानमंत्री मिला है। जिनके 5 साल के नेतृत्व में भारत को विश्व में एक सशक्त व निडर राष्ट्र का गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होने कहा कि पूरे विश्व में भारत ही एकमात्र ऐसा राष्ट्र है जहां भारत को माता की संज्ञा और भारतीयों को पुत्र की संज्ञा दी गई है। यह हमारे देश के प्रति राष्ट्रभक्ति व प्रेम को दर्शाता है। भाजपा व हमारे कार्यकर्ता अपनी माता के गौरव व आबरू के लिए लड़ते है। विगत 60 साल से देश आतंकवाद के दंश को झेल रहा है, परन्तु अब मोदी सरकार में आतंकवादियों में आतंक व्याप्त है, सर्जिकल स्ट्राइक से दुश्मनों में डर व्याप्त है। वही जे0पी0एस0 राठौर, क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रदुम्न, क्षेत्रीय अध्यक्ष सुरेश तिवारी ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए अपना बूथ जिताओं, फिर मोदी को लाओ नारे के साथ कार्यकर्ताओं में आगामी लोकसभा में प्रचण्ड जीत का दावा किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित शिवराज सिंह चौहान ने अपने सम्बोधन के दौरान कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होने कहा कि केन्द्र में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वह काम हुए जो विगत 60 सालो में कांग्रेस नही कर पायी, कांग्रेस कहती थी कि गरीबी हटाओ पर उन्होने गरीबो को ही मुख्य धारा से हटा दिया, गरीबी नही हटायी। उन्होने आगे कहा कि मोदी के नेतृत्व में सरकार ने 5 साल में अपने कठोर निर्णय से बता दिया कि हमारे लिए राष्ट्र प्रथम है, राष्ट्र के नागरिक प्रथम है। भाजपा सरकार ने व्यवस्था कर दी कि सामने वाला जिस भाषा में समझे उसे उस भाषा में समझाओं। उन्होने सर्जिकल स्ट्राइक से बता दिया कि तुम एक मारोगे तो हम घर में घुस कर 10 मारेगे। भारत अब कमजोर नही है। जनधन योजना, आयुष्मान भारत योजना, उज्जवला योजना, सौभाग्य योजना, पहल योजना आदि ऐतिहासिक फैसलो से भारत में गरीबो को विकास की मुख्यधारा में लाने का सफल प्रयास किया जा रहा है। गरीबो के लिए निःशुक्ल आवास, शौचालय, बिजली की व्यवस्था की गई जो गरीबो के लिए दूर की कौड़ी थी। उन्होने सरकार के अंतरिम बजट की तारीफ करते हुए कहा कि पहली बार देश में किसानो के लिए इतनी बड़ी योजना लागू की गई, भाजपा सदैव किसानो के हित में कार्य करती रही है और उसका तो लक्ष्य ही किसानो की आय को दोगुना करना है। उन्होने यूपी में प्रधानमंत्री द्वारा किसानो को कर्ज माफी की घोषणा की याद दिलाते हुए कहा कि योगी के नेतृत्व में 10 दिन में उत्तर प्रदेश में कर्ज माफ कर दिया। परन्तु कांग्रेस सरकार मध्य प्रदेश में पूरे दो महीने के बाद एक भी किसान का कर्ज माफ नही कर सकी है। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं को आगामी लोकसभा चुनाव में हर बूथ पर कमल खिलाने का विजय मंत्र देते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरा।